Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
शेखर बने अग्निवीर
Spread the love

राजिम। धर्मनगरी राजिम में पिछले पांच वर्षों से संचालित निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण केंद्र युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशिक्षण प्राप्त कर अग्निवीर के लिए चयनित हुए राजिम निवासी शेखर सोनकर का नगर पालिका कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव एवं पार्षदों ने उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शेखर सोनकर, पिता पुनीत सोनकर एवं माता कंचन सोनकर के पुत्र हैं। अग्निवीर में चयन के बाद वे प्रशिक्षण के लिए बेंगलुरु रवाना होने वाले हैं। इस उपलब्धि पर नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण के संचालक सागर शर्मा (व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी) तथा सहयोगी जीतू यादव का भी सम्मान किया गया। दोनों पिछले कई वर्षों से युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

22 युवाओं का हो चुका है चयन

कार्यक्रम में जानकारी देते हुए पार्षद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल ने बताया कि वर्ष 2021 से नगर के प्रतिष्ठित पं. रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी विद्यालय तथा राजीव लोचन महाविद्यालय स्टेडियम में सैन्य भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को पूर्णतः निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान एवं पूर्व सैनिकों के सहयोग से युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा की भी तैयारी कराई जाती है। इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और अब तक 22 युवाओं का चयन भारतीय सेना, अग्निवीर, अर्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना एवं वन विभाग सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में हो चुका है।

युवाओं में दिख रहा देशसेवा का जज्बा

नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राजिम के लिए यह गौरव की बात है कि यहां ऐसे शिक्षक और प्रशिक्षक हैं, जो युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से नगर पालिका क्षेत्र के ही पांच युवाओं का चयन हो चुका है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें प्रशिक्षण ले रहे युवाओं में भविष्य के सैनिक और देश के रक्षक दिखाई देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर और भी युवा अपने सपनों को साकार करेंगे।

चयनित जवान ने साझा किए अनुभव

शेखर बने अग्निवीर
शेखर सोनकर बने अग्निवीर

कार्यक्रम में अग्निवीर जवान शेखर सोनकर ने अपनी तैयारी से लेकर चयन तक की यात्रा साझा की। उन्होंने युवाओं से नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।

सम्मान समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, सभापति कुलेश्वर साहू, पार्षद सुरेश पटेल, बलराम यादव, पार्षद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, उत्तम निषाद, भावेश ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *