Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
ATM और बैंक में तोड़फोड़
Spread the love

रायपुर। राजधानी में चोरी के इरादे से ATM मशीन और बैंक के स्ट्रांग रूम में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने टाटीबंध चौक स्थित इंडिया वन ATM मशीन और चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है।

दो अलग-अलग जगहों पर की थी तोड़फोड़

पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 25 और 26 सितंबर 2026 की दरमियानी रात का है। टाटीबंध चौक में अग्रवाल होटल के पास स्थित इंडिया वन ATM मशीन में अज्ञात व्यक्ति ने चोरी के उद्देश्य से तोड़फोड़ की थी। इस दौरान ATM मशीन की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा, कैश निकासी क्षेत्र और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया। आरोपी ने ATM में लगी यूपीएस बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया था।

दूसरी घटना चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हुई। बैंक प्रबंधन के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम शाखा बंद की गई थी। अगले दिन सुबह कर्मचारी पहुंचे तो ताले टूटे मिले और शटर क्षतिग्रस्त था। जांच करने पर बैंक के अंदर चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट के लॉकर में तोड़फोड़ की जानकारी सामने आई।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिनसन गुरिया ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की तलाश कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बैंक कर्मचारियों और शिकायतकर्ताओं से पूछताछ की। घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिरों से मिली सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पूछताछ में वारदात स्वीकारने का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान डी.डी. नगर क्षेत्र के निवासी पंकज ध्रुव (27 वर्ष) के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद उसे पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने ATM मशीन और यूनियन बैंक की शाखा में नकदी चोरी करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की।

आरोपी के कब्जे से यूनियन बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप जब्त किया गया है। दोनों मामलों में आमानाका थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 331(4), 305(ए), 324(2) और 62 में अपराध दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी पंकज ध्रुव पिता सीताराम ध्रुव, मूल रूप से पिथौरा थाना क्षेत्र के ठाकुरदिया खपराखोल का निवासी बताया गया है। उसका वर्तमान पता सरोना बाजार चौक, कचरा डंप के पास, थाना डी.डी. नगर, रायपुर है।

पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर के एजुकेशन एकेडमी में लाखों की चोरी: 2 आरोपी गिरफ्तार, 4.97 लाख नगद बरामद

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *