Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट
Spread the love

रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान राजधानी में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में 2 सितंबर 2026 को यातायात सभागार, कालीबाड़ी रायपुर में पुलिस और गणेश उत्सव समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की 50 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला सहित विभिन्न पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समितियों को गणेश पंडालों की सुरक्षा से लेकर भीड़ प्रबंधन और विसर्जन झांकी के दौरान यातायात व्यवस्था तक के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

पंडाल लगाने से पहले सुरक्षा जांच जरूरी

गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्टपुलिस ने समितियों को निर्देश दिए कि पंडाल के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। आवश्यकता के अनुसार पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों से अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र लेना भी जरूरी होगा।

ऐसे स्थानों पर पंडाल लगाने से बचने कहा गया है, जहां बिजली के तार गुजरते हों या ट्रांसफार्मर बेहद नजदीक हो। आगजनी की स्थिति से निपटने के लिए पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर रखना और सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। बड़े पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, प्राथमिक उपचार पेटी एवं जरूरी दवाइयां उपलब्ध रखने तथा नजदीकी अस्पताल, थाना, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया।

वालंटियर संभालेंगे भीड़ की कमान

गणेश पंडालों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने और उन्हें पहचान-पत्र देने के निर्देश दिए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वालंटियरों की तैनाती पर भी विशेष जोर दिया गया। दर्शन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने, पंडाल के रास्ते में भीड़ जमा नहीं होने देने और प्रसाद वितरण के लिए मुख्य मार्ग से अलग स्थान तय करने को कहा गया।

पुलिस ने कहा है कि शराब या किसी अन्य नशे का सेवन करने वाले लोगों को पंडाल में प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही बिजली की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट और करंट लगने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

पार्किंग को लेकर भी सख्त निर्देश

गणेश पंडालों के आसपास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं के वाहन मुख्य सड़क पर खड़े होकर यातायात बाधित न करें। पुलिस ने समितियों को साफ निर्देश दिए कि आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता हमेशा खुला रहना चाहिए। पंडाल के आसपास अनियंत्रित पार्किंग या सड़क पर वाहनों के जमावड़े की स्थिति में तत्काल व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी समितियों की भी होगी।

विसर्जन झांकी में नियम तोड़े तो कार्रवाई

गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्टगणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट, स्थान और समय का पालन करना होगा। डीजे का इस्तेमाल निर्धारित नियमों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ही करने कहा गया है। विसर्जन झांकी में धारदार हथियार अथवा आपत्तिजनक वस्तुएं लेकर चलने पर रोक रहेगी। समितियों को निर्धारित क्रम और लाइन में चलने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने कहा गया है। इसके अलावा पटाखों, ज्वलनशील पदार्थों और आग से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग नहीं करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धा के साथ सुरक्षा भी जरूरी

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और समितियों के बीच बेहतर समन्वय से गणेश उत्सव को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

ऑपरेशन विश्वास: रायपुर पुलिस का अपराधियों पर बड़ा शिकंजा, 82 वारंटी गिरफ्तार; 60 किलो गांजा और 1590 नशीली टैबलेट जब्त

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *