गरियाबंद जिले के छुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस डायल-112 वाहन के सायरन के भीतर दो जहरीले करैत सांप छिपे मिले। पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान वाहन के पास पहुंचे, तो उनकी नजर सायरन के अंदर बैठे दो विषैले करैत सांपों पर पड़ी। अचानक सामने आए इस खतरनाक नजारे को देखकर जवानों के भी होश उड़ गए।
लोगों ने दिखाई सूझबूझ, टला बड़ा खतरा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 के स्टाफ ने तत्काल आसपास मौजूद लोगों को बुलाया। इसके बाद काफी सावधानी के साथ डंडे की मदद से दोनों जहरीले करैत सांपों को सायरन के भीतर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी या आम नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
दूसरों की सुरक्षा करने वाले खुद हुए खतरे से रूबरू
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि दूसरों की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों को भी कई बार अप्रत्याशित और जानलेवा परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। समय रहते सांप दिखाई देने से एक बड़ा हादसा टल गया और पुलिसकर्मी तथा लोगों ने राहत की सांस ली।
क्या है डायल-112 सेवा?
डायल-112 ‘‘एक नंबर-सबकी मदद’’ (एक्के नंबर, सब्बो बर) की अवधारणा पर आधारित एक आपातकालीन सेवा है। इस नंबर पर कॉल कर नागरिक पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन (1091), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी कई सेवाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकते हैं।
छुरा से किशन सिन्हा की रिपोर्ट
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

