राजिम से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे स्कूटी पर सवार तीन लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
राजिम से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, रायपुर इलाके से हरिश्चंद्र वासुदेव अपने छोटे भाई मुन्ना वासुदेव के अस्थि विसर्जन के लिए राजिम गए थे। उनके साथ दो अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। राजिम में धार्मिक कर्मकांड पूरा करने के बाद तीनों स्कूटी में सवार होकर रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर मोहन ढाबा के आगे पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हो गया।
घटना में हरिश्चंद्र वासुदेव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को तत्काल अभनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति शराब के नशे में थे। जिसके कारण गाड़ी पर नियंत्रण नहीं कर पाए और अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ या एक्टिवा किसी अन्य वाहन से टकराई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हादसे में हरिश्चंद्र की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घायल दोनों लोगों के उपचार को लेकर परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






