राजिम। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग द्वारा संचालित ‘जन जागरूकता पखवाड़ा’ के तहत शासकीय पंडित राम विशाल पांडे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) राजिम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कानून, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
नए कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राजिम थाना की उपनिरीक्षक सरोज चवरे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या पैकरा तथा आरक्षक रवि सिदार उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय व्यवस्था में लागू नए कानूनों की जानकारी देते हुए साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के उपाय विस्तार से बताए।
पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, उनके अधिकारों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में 112 एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) जैसी सेवाओं के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ‘‘समाधान ऐप’’ के माध्यम से पुलिस से सीधे जुड़ने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
जनजागरूकता कार्यक्रम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने आम, नीम, जामुन, काजू एवं गुलमोहर सहित विभिन्न फलदार और छायादार पौधे लगाए। मिशन लाइफ यूथ एंड इको क्लब के सहयोग से आयोजित इस अभियान में सभी विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव, व्याख्याता संतोष सूर्यवंशी, कमल सोनकर, समीक्षा गायकवाड़, गोपाल देवांगन, शिक्षिका शिखा महाड़ीक, अंजू मार्कण्डेय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और कानून के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

