दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार को दिनदहाड़े नर्सिंग की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई, जब उसकी सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और खुशी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान खुशी साहू के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। वह करीब एक माह पहले ही भिलाई आई थी। यहां एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ अपना खर्च खुद उठाने के लिए वैशाली नगर स्थित एक कैफे में नौकरी भी कर रही थी।
सहेली बाथरूम में थी, कमरे में घुसा कातिल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11.30 के बीच खुशी की सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में दाखिल हुआ और धारदार हथियार से कई वार कर खुशी को लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खुशी को खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देख सहेली के होश उड़ गए। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से युवती को सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कथित प्रेमी पर पुलिस का शक
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक युवक के बारे में जानकारी मिली है, जिससे खुशी की बातचीत होती थी। पुलिस संदेह के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतका के परिचितों, सहेली, सहकर्मियों और दोस्तों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हमले तथा मौत से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

