छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदनु थाना क्षेत्र के ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी किनारे एक 45 वर्षीय अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के दोनों हाथ और पैर धड़ से अलग थे, जबकि शव के अवशेष बोरियों में बंद और चादर में लिपटे हुए मिले।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पड़ी संदिग्ध बोरियों और चादर पर गई। पास जाकर देखने पर क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही थाना प्रभारी और एसडीओपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस की पहली प्राथमिकता मृत महिला की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और महिला के कपड़ों व अन्य पहचान चिन्हों का मिलान कराया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका की पहचान सोनपुरी निवासी एक महिला के रूप में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक रूप से सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को ग्राम तुमा के सुनसान इलाके में लाकर फेंका गया।
हर एंगल से जांच जारी
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारण और समय का पता चल सके। वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही इसका पर्दाफाश करने का प्रयास किया जाएगा।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

