राजिम क्षेत्र के ग्राम पंचायत बासीन में 30 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाले महतारी सदन का भूमिपूजन मंगलवार को राजिम विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की उपस्थिति रही।
भूमिपूजन के बाद विधायक रोहित साहू ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण को मिलेगा नया केंद्र
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह महतारी सदन गांव की माताओं और बहनों के स्वाभिमान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को बैठकों, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए लंबे समय से एक व्यवस्थित भवन की आवश्यकता थी, जिसे अब यह परियोजना पूरा करेगी।
कौशल विकास गतिविधियों के लिए बनेगा आधुनिक भवन
उन्होंने कहा कि यहां महिलाएं स्व-सहायता समूहों की बैठकें आयोजित करने के साथ-साथ कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगी। साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी उन्हें एक सर्वसुविधायुक्त मंच उपलब्ध होगा। विधायक ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और बासीन का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक महतारी सदन की सौगात मिलने पर ग्रामीणों, विशेषकर महिला शक्ति ने विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि रामविशाल ओगरे, जनपद सदस्य रोशन डहरिया, सहकारी समिति अध्यक्ष गोपचंद बैनर्जी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष कुंदन सेन, बूथ अध्यक्ष दिनेश साहू, पूर्व जनपद सदस्य प्रतिनिधि ओमप्रकाश रात्रे, पालेश्वर साहू, डॉ. रोशन सार्वा, लक्ष्मीकांत साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

