नवापारा-राजिम। देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बस स्टैंड स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण कर उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए देश के विकास, सुरक्षा तथा सशक्त भारत के निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
इंदिरा गांधी के योगदानों को किया याद
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी सशक्त नेतृत्वकर्ता थीं, जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, साहसिक निर्णयों और दूरदर्शी सोच से देश को नई दिशा देने का काम किया। उनके कार्यकाल में देश की आर्थिक प्रगति, राष्ट्रीय सुरक्षा, कृषि एवं औद्योगिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके नेतृत्व और निर्णय क्षमता की छाप भारतीय राजनीति के इतिहास में हमेशा याद की जाती रहेगी।
कांग्रेसजनों ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार और देश के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा। कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सौरभ शर्मा, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह, चतुर सिंह जगत, पार्षद अजय साहू, अर्जुन साहू, टिकेश्वर गिलहरे, फागु देवांगन, सुरेन्द्र साहू, राजा चावला, अनुभव जैन, बल्लू देवांगन, सौरभ सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, राजिम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्मरण





