छुरा इलाके से बड़ी खबर आ रही है, जहां दीपावली पर्व से ठीक पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। छुरा-रसेला मुख्य मार्ग पर ग्राम सेम्हरा के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान छत्तरमनी कोठीगांव निवासी महेश ध्रुव (35-40 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में परिवार ने अपना सहारा खो दिया, वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
गांव लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, महेश ध्रुव छुरा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम सेम्हरा के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि उसके सिर में गंभीर चोट आई। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सड़क की स्थिति पर उठे सवाल, गड्ढे और किनारे बन रहे खतरा
इस हादसे के बाद एक बार फिर लोक निर्माण विभाग की सड़क की स्थिति को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छुरा-रसेला मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क के बीच और किनारों में गहराई तथा खाई जैसी स्थिति बनी हुई है। सड़क के किनारे बने धारदार कॉलर और असमान सतह भी वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की खामियों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दीपावली का त्योहार आने में अभी करीब एक सप्ताह का समय बाकी है। घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई है। वहीं महेश ध्रुव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि मृतक के दो बच्चे हैं। जिन बच्चों को दीपावली पर अपने पिता के साथ खुशियां मनानी थीं, उनके जीवन में अब कभी न भरने वाला खालीपन आ गया है। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
छुरा से किशन सिन्हा की रिपोर्ट
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
छुरा ब्रेकिंग: चलते ट्रैक्टर से सड़क पर गिरा युवक, मौके पर मौत; परिजनों ने लगाए आरोप





