आरंग। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग में 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने छह घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मेडिकल स्टोर से खेलने निकला था मासूम
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को बच्चे के पिता ने आरंग थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चे के पिता इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां अस्पताल में नर्स हैं।
बताया गया कि घटना की सुबह बच्चे की मां उसे मेडिकल स्टोर पर छोड़कर गई थी। सुबह करीब 9 बजे बच्चा अपने पिता से खेलने और साइकिल चलाने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
15 लाख रुपये की फिरौती का फोन
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बच्चे के पिता के पास अज्ञात आरोपियों का फोन आया। आरोपियों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की। संभावित रास्तों पर नाकेबंदी की गई और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सतर्क किया गया। पुलिस की घेराबंदी और लगातार बढ़ते दबाव के बीच आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम की सुरक्षित वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली।
साइबर सेल की मदद से बलौदाबाजार में दबिश
पुलिस के मुताबिक, रेंज साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में मिली। इसके बाद आरंग पुलिस की टीम ने वहां दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25) पिता बुधुराम निषाद और मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20) पिता भक्तु ध्रुव दोनों निवासी ग्राम दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
राजिम ब्रेकिंग: दो नाबालिगों का अपहरण कर दुष्कर्म, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार





