गरियाबंद जिले में मामूली विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक आरोपी नाबालिग है। घटना मैनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां मामूली धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और 28 वर्षीय युवक की जान चली गई।
जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 29 जून को मैनपुर के मीनाबाजार में भीड़ के दौरान आकाश कश्यप का कुछ युवकों से मामूली विवाद हुआ था। पहले कहासुनी हुई और रात होते-होते विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने आकाश पर लात-घूंसों, डंडों और मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ही घायल आकाश को मैनपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। उपचार के दौरान 3 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। लगातार विरोध के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया, गवाहों के बयान लिए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया। रिपोर्ट में गंभीर अंदरूनी एवं बाहरी चोटों से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
पूछताछ में टूटे आरोपी, हत्या की बात कबूली
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके एवं एसडीओपी ओमप्रकाश कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना मैनपुर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने सामूहिक रूप से मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में देवकुमार निषाद (20), भीखम यादव (18), मनीष यादव (19), लक्की नेताम (19), लोकेश यादव (23), डिगेंद्र निर्मलकर (18) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं 17 वर्षीय एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
राजिम ब्रेकिंग: घर के सामने मिली युवक की लाश, सिर और शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

