जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां खेत में काम करने गए मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी खेत में मौजूद था। काम के दौरान अचानक जीआई तार में करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि किसी को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पति ने देखा शव
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। देर शाम घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो वे खेत की ओर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे। यह मंजर देखकर वे बेसुध हो गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है। हालांकि खेत में जीआई तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हमसे जुड़े WhatsApp Group
https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
फंदे पर लटका मिला बेटे का शव, सभी ने समझा आत्महत्या, पोस्टमार्टम ने खोल दिया मां-बेटे का खौफनाक राज

