गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजाडेरा के पहाड़ी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 लाख रुपये नकद बरामद की है। इस मामले में दो आत्मसमर्पित महिला माओवादी कैडर और गरियाबंद जिले में पदस्थ एक नव आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम माओवादी गतिविधियों से जुड़ी अवैध वसूली की राशि होने की आशंका है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
जिला पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को ग्राम राजाडेरा के पहाड़ी क्षेत्र में तीन संदिग्ध लोगों के घूमने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिला पुलिस गरियाबंद की विशेष टीम को राजाडेरा जंगल की ओर रवाना किया गया। टीम जब पहाड़ी के पास पहुंची, तो जंगल के नीचे दो महिलाएं और एक पुरुष काले रंग का बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
महिला कैडर और नव आरक्षक की पहचान
पूछताछ के दौरान पकड़ी गई महिलाओं की पहचान सिंगे उर्फ रोशनी (25 वर्ष) निवासी ग्राम गामगुलवार थाना चिंतलनार जिला सुकमा और बुदरी मुचाकी उर्फ सोनी (35 वर्ष) निवासी ग्राम एटेगट्टा थाना एर्राबोर जिला सुकमा के रूप में हुई। दोनों पूर्व में आत्मसमर्पण कर चुकी महिला माओवादी कैडर बताई गई हैं।
वहीं, तीसरे व्यक्ति की पहचान नोहर मरकाम (36 वर्ष) पिता हरिचंद निवासी ग्राम भूतबेड़ा थाना शोभा, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है, जो गरियाबंद जिले में नव आरक्षक के पद पर पदस्थ बताया गया है।
टिफिन के अंदर मिले 21 लाख रुपये
पुलिस ने तीनों के पास मौजूद काले बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर रखे टिफिन में 500-500 रुपये के नोट मिले, जिनकी कुल राशि 21 लाख रुपये बताई गई है। जांच में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों द्वारा प्रतिबंधित माओवादी विचारधारा के प्रसार और अवैध वसूली की रकम के इस्तेमाल के लिए आपराधिक षड्यंत्र किए जाने से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही गई है।
यूएपीए सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
मामले में थाना मैनपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2) तथा विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 17, 18, 20, 38 और 40 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.43 लाख का माल जब्त, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला





