नवापारा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री राम जानकी दुर्गा उत्सव समिति, वार्ड क्रमांक 16, गोबरा नवापारा द्वारा विशाल नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार 13 अक्टूबर 2026 को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित इस शिविर में एमजीएम आंख अस्पताल, रायपुर के विशेषज्ञों द्वारा लोगों की आंखों की जांच की जाएगी।
शिविर का आयोजन श्री राम जानकी दुर्गा उत्सव समिति परिसर वार्ड क्रमांक 16 गोबरा नवापारा में होगा। इसमें विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों से नेत्र परीक्षण कराने की अपील की गई है, ताकि आंखों से संबंधित समस्याओं की समय रहते पहचान हो सके और जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा मिल सके।
मोतियाबिंद मरीजों को मिलेगा निःशुल्क ऑपरेशन का लाभ
आयोजकों के अनुसार, जांच के दौरान मोतियाबिंद की पुष्टि होने वाले मरीजों को ऑपरेशन के लिए उसी दिन एमजीएम आंख अस्पताल, रायपुर ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क किया जाएगा। ऑपरेशन के दौरान मरीजों के भोजन और ठहरने के साथ आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
शिविर में पंजीयन और ऑपरेशन संबंधी प्रक्रिया के लिए मरीजों को मोबाइल नंबर, आधार कार्ड तथा राशन कार्ड की फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य बताया गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराने की अपील की है।
श्री राम जानकी दुर्गा उत्सव समिति का यह आयोजन धार्मिक उत्सव के साथ सामाजिक सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी देगा। जरूरतमंदों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
जन्मदिन पर सेवा का संकल्प: भाजपा युवा नेता किशोर देवांगन ने लगाया महास्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर





