आरंग क्षेत्र के बिरबिरा गांव में दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। आरोपी ने एक साल पहले मां की मौत, जादू-टोने का अंधविश्वास और जेवरात का लालच में पति-पत्नी की हत्या की थी।
आरोपी ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर टंगिया और हंसिया से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद मृतका के सोने-चांदी के जेवर लेकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके निशानदेही पर हथियार, खून से सने कपड़े और लूटे गए जेवर बरामद कर लिया है।
अलग-अलग कमरों में मिले थे शव
घटना 8 अक्टूबर 2026 को सामने आई, जब बिरबिरा गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने में बुजुर्ग सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की हत्या की सूचना दी। इससे पहले पड़ोसी सालिकराम साहू मजदूरी की रकम देने उनके घर पहुंचे थे। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। भीतर जाने पर सदाशी राम साहू का शव पलंग पर खून से लथपथ मिला, जबकि दूसरे कमरे में उनकी पत्नी आसबती साहू मृत अवस्था में पड़ी थीं। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 331(7) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मां की मौत को लेकर पाल रखी थी रंजिश
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान गांव के ही 22 वर्षीय प्रमोद उर्फ रॉकी साहू पर संदेह गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल ली। आरोपी को संदेह था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत जादू-टोने के कारण हुई थी और इसके लिए वह सदाशी साहू तथा उनकी पत्नी आसबती साहू को जिम्मेदार मानता था।
आरोपी को यह भी पता था कि दंपती के पास जमीन है और आसबती साहू सोने-चांदी के जेवर पहनती थीं। इस तरह मामले में पुरानी रंजिश के साथ लूट की मंशा का पहलू भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित प्रकरण में ठछै की धारा 109(6) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 भी जोड़ी गई हैं।
छत के रास्ते घर में घुसा, सोते हुए दंपती पर हमला
बताया गया कि 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11.30 बजे आरोपी टंगिया और हंसिया लेकर घर से निकला। वह पड़ोसियों की छतों के रास्ते सदाशी साहू के मकान की छत तक पहुंचा और वहां से नीचे उतरकर घर में दाखिल हुआ। उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से हमला किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर टंगिया और हंसिया से वार किए। हमले में दोनों की मौत हो गई।
जेवर लूटे, हथियार छिपाकर मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने आसबती साहू के शरीर से चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला, सोने की खिनवा, अंगूठी, बिछिया और सिक्के समेत जेवरात लूट लिए। इसके बाद उसने खून से सने हथियारों को धोया और उन्हें सफेद बोरी में रखकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई टंगिया और हंसिया, खून से सनी जींस-पैंट तथा लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
दंपती की निर्मम हत्या, अलग-अलग कमरों में मिले शव; जांच में जुटी पुलिस की टीम





