Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
Spread the love

नवापारा। मंगलवार दोपहर नवापारा के महानदी पुल पर एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर आ रही बाइक को पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार एक व्यक्ति पुल से नीचे जा गिरे, जबकि उनके साथ मौजूद दूसरा युवक भी पुल पर दूर जा गिरे। पुल के नीचे गिरे व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

पिकअप ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे, उसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे।

इलाज के दौरान देवेंद्र की मौत

हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

वहीं हादसे में घायल सुनील जैन को भी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

राजिम और नवापारा में शोक की लहर

देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा की मौत की खबर जैसे ही राजिम और नवापारा में पहुंची, लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। देवेंद्र शर्मा राजिम ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। जिसके कारण समाज के लोगों में भी गहरा दुख देखा गया। बड़ी संख्या में नगरवासी और ब्राह्मण समाज के लोग नवापारा अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों, समाजजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई।

विधायक रोहित साहू भी रुके, अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घटनास्थल पर रुककर स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने मृतक देवेंद्र शर्मा के निधन पर संवेदना व्यक्त की तथा घायल के बेहतर उपचार की जानकारी ली।

महानदी पुल पर लगा लंबा जाम

भीषण हादसे के बाद महानदी पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुल पर यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।

पिकअप चालक भी हुआ अचेत

हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया था। उसे नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

VIDEO

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका, चंपारण का रहने वाला था मृतक

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *