रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम सेमरवा में ससुराल से करीब 50 मीटर दूर तालाब में नवविवाहिता संगीता यादव का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। संगीता की शादी महज चार माह पहले 12 मई को दिलीप यादव से हुई थी।
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, पिता ने पति पर बेटी की हत्या कर शव तालाब में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पहले बताया घर से भाग गई, फिर तालाब में कूदने की दी जानकारी
मृतका के पिता गंगा यादव के अनुसार, 9 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे उनके दामाद दिलीप यादव ने फोन कर बताया कि संगीता घर से भाग गई है। करीब आधे घंटे बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि संगीता तालाब में कूद गई है और उसकी मौत हो चुकी है। जानकारी मिलते ही मायके वाले ग्राम सेमरवा पहुंचे। परिजनों के पहुंचने तक संगीता का शव तालाब से बाहर निकाला जा चुका था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
संगीता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके मुताबिक, पति द्वारा संगीता से मारपीट भी की गई थी। मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर बैठक कर समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। मायके वालों ने संगीता के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया है।
उनका कहना है कि उसका एक हाथ टूटा हुआ था और पसली में भी चोट थी। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने के बाद सनावल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेजा। तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मनोज भी अस्पताल पहुंचे थे।
मायके वालों ने पति और ससुर की पिटाई की
घटना के बाद मृतका के मायके वालों और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। इस दौरान मृतका के पति दिलीप यादव और उसके पिता सुरेश यादव के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए रामानुजगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज के अनुसार, मामले में रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवविवाहिता की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
अवैध संबंध के शक में नवविवाहिता की हत्या, आत्महत्या दिखाने फांसी पर लटकाया शव, आरोपी पति गिरफ्तार






