Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
नवविवाहिता की हत्या
Spread the love

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र के सुपेला गांव में नवविवाहिता वीणा ध्रुव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया।

मर्ग जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति मानववध (Homicidal) पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी भी बरामद कर जब्त की गई है।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था शव

बेडरूम में मिली नवविवाहिता की लाशजानकारी के अनुसार सुपेला गांव में 4 सितंबर की शाम वीणा ध्रुव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। प्रारंभिक तौर पर पति द्वारा घटना को आत्महत्या बताया गया था। महिला के गले पर मिले निशानों को लेकर पुलिस को भी मामले में संदेह हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की बारीकी से जांच की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का राज

जांच में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब शव परीक्षण रिपोर्ट में चिकित्सक ने महिला की मौत की प्रकृति मानववध होना दर्ज किया। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें आरोपी पति ने बताया कि पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और क्षोभ था।

इसी विवाद के चलते उसने 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे कमरे में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया। मौत के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

बिस्तर के नीचे छिपाकर रखी थी रस्सी

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रस्सी को अपने कमरे में बिस्तर के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: गले पर मिले निशान से हत्या की आशंका, पति बोला-फांसी लगाकर दी जान

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *