अभनपुर। अपराध नियंत्रण और गांव में सुरक्षित माहौल बनाए रखने को लेकर अभनपुर क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों और ग्रामीणों ने चाकूबाजी, अवैध हथियार और अवैध शराब के खिलाफ सामुदायिक सहभागिता से अभियान चलाने पर सहमति जताई।
बैठक में गांव में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं और बदमाश प्रवृत्ति के लोगों द्वारा अवैध रूप से चाकू एवं अन्य हथियार रखने के मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अवैध हथियार जमा कराने जागरूकता अभियान
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अवैध रूप से रखे गए चाकू अथवा अन्य हथियारों को स्वेच्छा से संबंधित थाने में जमा कराया जाए। इसके लिए गांव में व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीण भी होंगे सक्रिय
बैठक में ग्रामीणों और पंचायत पदाधिकारियों ने ग्राम में अवैध शराब के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की दिशा में पुलिस का सहयोग करने पर सहमति जताई। ग्रामीणों से कहा गया कि अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री करने वालों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया गया।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा गांव में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर तुलसी राम लेकाम, थाना प्रभारी अभनपुर सत्येंद्र सिंह श्याम, ग्राम पंचायत केंद्री के सरपंच नेतराम साहू, उपसरपंच, पंचायत पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ब्रेकिंगः नवापारा-अभनपुर मार्ग पर युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार






