Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
Spread the love

अभनपुर। राजिम मार्ग पर चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने राहगीर को लूटने की योजना बनाई थी। देर रात पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर राहगीर को रोकने की कोशिश की गई। बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने पीछा कर उसे ओवरटेक किया और रोककर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पहले शराब पी, फिर लूटने की बनाई योजना

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवपुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु और छबी जांगड़े उर्फ धोंधी शराब लेकर मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास कृष्णा डेलीनीड्स के आसपास पहुंचे। दोनों ने वहां शराब का सेवन किया। इसके बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर दोनों ने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। रात करीब 1 बजे दोनों मोटरसाइकिल से अभनपुर की ओर रवाना हुए। रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोकने की कोशिश की।

बाइक नहीं रोकी तो ओवरटेक कर जबरन रोका

राहगीर ने जब अपनी मोटरसाइकिल नहीं रोकी तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान छबी जांगड़े उर्फ धोंधी ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वेदप्रकाश भी मारपीट में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान विरोध करने पर नाबालिग ने अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

मोबाइल और 1000 लूटकर फरार

हमले के बाद आरोपियों ने युवक के पास से मोबाइल फोन और 1000 नगद लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर युवक मृत अवस्था में मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे पड़ी हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को सुरक्षित रूप से मर्च्यूरी में रखवाया। मृतक की पहचान ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

CCTV  और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपियों तक

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV  फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल तीन लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवपूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

नाबालिग के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामले

पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य आरोपी नाबालिग है, जिसके विरुद्ध पूर्व में छह गंभीर अपराधों में संलिप्तता पाई गई है। वह किशोर न्याय बोर्ड से जमानत के बाद बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। इस मामले में गिरफ्तार वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट और हत्या का मामला दर्ज है। जबकि छबी जांगड़े उर्फ धोंधी के विरुद्ध भी पूर्व में मारपीट के 3, लूट और हत्या के मामले दर्ज हैं।

15 दिन में लूट और मारपीट की तीन घटनाएं

गोबरा नवापारा और अभनपुर के क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों के दौरान लूट और मारपीट की तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से रात में सफर करने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार 29 अगस्त की रात गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा में तुफान वाहन को रोककर लूटपाट और मारपीट की गई थी। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिग समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

बाइक सवार को घेरकर चाकू से हमला

इसके दो दिन बाद यानी 1 सितंबर की रात कुर्रा में ही चार अज्ञात युवकों ने एक बाइक सवार को रास्ते में घेर लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद मोबाइल और नकदी लूटकर आरोपी फरार हो गए। तीसरी घटना मानिकचौरी के पास हुई, जहां लूट की नीयत से देवाराम साहू को रोका गया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने नवापारा-अभनपुर क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नाबालिग अपराधियों की भूमिका बनी चिंता

इन घटनाओं में नाबालिगों की संलिप्तता सबसे गंभीर बात है। कुर्रा की वारदात में चार नाबालिगों की गिरफ्तारी के बाद अब मानिकचौरी हत्याकांड में भी नाबालिग की भूमिका सामने आने से चिंता और बढ़ गई है। कम उम्र में किशोरों का लूट, मारपीट, चाकूबाजी और हत्या जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ना केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है। यह परिवार, समाज, संगत और नशे जैसी समस्याओं से जुड़ा गंभीर सामाजिक प्रश्न भी है। जिस उम्र में किशोरों को शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, उसी उम्र में उनका अपराध की ओर बढ़ना भविष्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।

नशा और आसान पैसे की चाह बन रही अपराध की वजह?

क्षेत्र में सामने आ रही घटनाओं के बाद नशे की लत और आसान पैसे की चाह को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में नशे की आदत होने की बात सामने आई है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए पैसों की तलाश और बिना मेहनत के पैसा हासिल करने की मानसिकता यदि युवाओं को राहगीरों को निशाना बनाने तक ले जा रही है, तो यह आने वाले समय के लिए गंभीर चुनौती हो सकती है।

सुनसान रास्ते बन रहे अपराधियों के ‘सॉफ्ट टारगेट’

गोबरा नवापारा शहर और आसपास के कई मार्गों पर रात के समय आबादी कम हो जाती है। ऐसे सुनसान हिस्सों में राहगीरों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। राजिम-अभनपुर मार्ग, नया रायपुर-छांटा मार्ग, नवापारा-मगरलोड मार्ग, कुर्रा-पटेवा मार्ग, कुर्रा-सोनेसिल्ली मार्ग और तर्री-पटेवा मार्ग ऐसे रास्तों में शामिल हैं, जहां रात में आवाजाही करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी से दूर और सुनसान हिस्सों में बदमाशों के लिए राहगीरों को रोकना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है।

अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, अपराध रोकने की रणनीति की जरूरत

पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना निश्चित रूप से कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं यह सवाल भी खड़ा करती हैं कि अपराध होने से पहले उसे रोकने के लिए क्या रणनीति अपनाई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सुनसान मार्गों पर रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर नियमित गश्त की जाए तथा संदिग्ध वाहनों और युवकों की जांच की जाए। इसके अलावा नाबालिगों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और नशे की समस्या को लेकर भी परिवार और समाज को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

नवापारा ब्रेकिंगः अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *