Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
टाटा मैजिक से मिली लाश Raipur
Spread the love

रायपुर। जिले में पुलिस गश्त के दौरान उस समय सनसनी फैल गई, जब संदिग्ध हालत में भाग रही एक टाटा मैजिक से अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद हुई। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दो लोग गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके भीतर चादर में बंधा शव मिला। शव का पैर चादर के बाहर निकला हुआ था। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है।

शव को इस तरह बांधकर ले जाने की स्थिति ने पुलिस की आशंका को गहरा कर दिया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को संदेह है कि कहीं हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से तो नहीं ले जाया जा रहा था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम एवं जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस को देखते ही पीछे करने लगा वाहन

जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर की रात करीब 1.15 बजे धरसींवा पुलिस की टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे पीछे करना शुरू कर दिया।

पूछताछ के दौरान चालक ने खुद को रावाभाठा निवासी बताया और वाहन के बुकिंग में चलने की बात कही। वाहन में उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी बीच बाइक सवार दो युवक भी वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधियां बढ़ने पर पुलिस ने निगरानी और पीछा शुरू किया। संदेह बढ़ने पर पुलिस टीम ने मुरेठी रोड की तरफ पेट्रोलिंग वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही टाटा मैजिक चालक ने वाहन तेज रफ्तार से परसतराई बस्ती की ओर दौड़ा दिया।

पुलिस टीम ने पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद शीतला मंदिर के पास चालक ने वाहन रोक दिया। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

गाड़ी में चादर से बंधा मिला शव

टाटा मैजिक से मिली लाश Raipurदोनों संदिग्धों के फरार होने के बाद पुलिस ने टाटा मैजिक की तलाशी ली। वाहन के अंदर एक व्यक्ति चादर में बंधा हुआ मिला। उसका एक पैर चादर के बाहर दिखाई दे रहा था। जांच करने पर पुलिस ने पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वाहन के भीतर शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस ने टाटा मैजिक पर लिखे मोबाइल नंबर की जांच की तो यह नंबर संजय उर्फ मोरध्वज चौहान, निवासी रावाभाठा, थाना खमतराई से जुड़ा मिला है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन वास्तव में किसके नाम पर है, उसे किसने बुक किया था और शव को कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही वाहन में मौजूद दोनों लोगों की भूमिका और मृतक से उनके संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

जांच के दौरान घटनास्थल और मामले का संबंध खमतराई थाना क्षेत्र से पाए जाने के बाद मर्ग कायम किया गया है। मर्ग डायरी आगे की जांच के लिए खमतराई थाना भेजी गई है। पुलिस मृतक की पहचान, उसके परिजनों और उसके अंतिम संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही टाटा मैजिक और उसमें सवार लोगों के बीच कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थित स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पारागांव के श्मशान घाट पर मिली महिला की लाश, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, चरित्र शंका में की हत्या, महानदी किनारे फेंका शव

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *