Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
युवक की हत्या, हादसा दिखाने की कोशिश
Spread the love

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर करीब दो महीने पहले हुई एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना ने अब सनसनीखेज हत्या का रूप ले लिया है। जिस घटना को शुरुआती जांच में सड़क हादसा मानकर मामला दर्ज किया गया था, पुलिस की गहन पड़ताल में वह पीट-पीटकर की गई हत्या और उसके बाद हादसे का रूप देने की साजिश निकली।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराने विवाद के चलते 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी, निवासी सकरी बिलासपुर की हत्या की गई। घटना के दिन शराब पीने के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को कार के नीचे रखकर सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस ने मामले में आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर पिता गोविंद सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

हत्या को दुर्घटना दिखाने की साजिश

जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 की रात सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर अरविंद सिंह लोधी की मौत हो गई थी। सड़क पर कार के नीचे शव मिलने के बाद प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन बाद में जांच के दौरान घटनास्थल, चोटों और घटनाक्रम को लेकर कुछ ऐसे सवाल सामने आए, जिनसे पुलिस को दुर्घटना की कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस ने मामले की दोबारा जांच और करीब दो महीने बाद पूरी कहानी ही पलट दी।

चोटों ने खोली हादसे की पोल

पुलिस ने घटनास्थल का नए सिरे से परीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशानों को भी बारीकी से देखा गया। पुलिस के अनुसार, चोटों की प्रकृति केवल सड़क दुर्घटना से मेल नहीं खा रही थी। इसके बाद पुलिस ने घटना की टाइमलाइन, घटनास्थल के साक्ष्य और तकनीकी इनपुट को जोड़ना शुरू किया। जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई हेमंत सिंह ठाकुर पर जाकर टिक गई।

पूछताछ में उगला हत्या का राज

पुलिस ने हेमंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में वह घटना को सड़क हादसा बताकर गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में सामने आया कि ट्रक के लेन-देन को लेकर अरविंद और हेमंत के बीच पहले से विवाद चल रहा था। 24 जून की शाम शराब पीने के दौरान दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर हेमंत और उसके साथी ने अरविंद की कथित तौर पर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इसी मारपीट में अरविंद की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने के लिए पूरी साजिश रची। पुलिस के अनुसार, अरविंद के शव को कार के नीचे रखकर भारतमाला रोड पर छोड़ दिया गया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना का लगे और हत्या का राज सामने न आए।

हत्या की धाराएं जोड़ीं, कार जब्त

युवक की हत्या, हादसा दिखाने की कोशिशहत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस जोड़ीं तथा पूर्व में दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया। पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है। वहीं घटना में शामिल बताए जा रहे दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

भारतमाला हाईवे पर दर्दनाक हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 ग्रामीणों को वाहन ने रौंदा, तीनों की मौके पर मौत

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *