कुरूद। रक्षाबंधन के पर्व पर धमतरी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने करीब साढ़े चार साल के मासूम को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।
मृतक बच्चे की पहचान फनिस सोनी के रूप में हुई है, जो नाग मणि सोनी का पुत्र था। बताया गया कि फनिस अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान नारी पुल की ओर से रेत लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
मासूम की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत से भरे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया।
कुछ ही देर में गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के चौक और बस स्टैंड के पास मासूम का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अवैध रेत उत्खनन पर गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और भंडारण का काम चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। ग्रामीणों ने स्थानीय सरपंच और रेत कारोबार से जुड़े लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
सरपंच और पंचों के इस्तीफे की मांग
ग्रामीणों ने मृतक बच्चे के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही पंच, सरपंच और ग्राम प्रतिनिधियों के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने नारी गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, ताकि तेज रफ्तार वाहनों के कारण भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस और तहसीलदार पहुंचे, समझाइश के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
राखी की खुशियां पलभर में बदलीं मातम में
रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। जिस घर में त्योहार की खुशियां थीं, वहां अब मासूम की मौत के बाद मातम पसर गया। दूसरी ओर, घटना ने रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की रफ्तार और गांवों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
गरियाबंद ब्रेकिंग: जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा को पिकअप ने मारी टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे






