दुर्ग शहर के जुनवानी इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्मृतिनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सेंटर में आने वाले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे और इसके बाद महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस जांच में स्पा सेंटर के मैनेजर की इस पूरी गतिविधि में कथित भूमिका सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित की और सेंटर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहक और अन्य संबंधित लोग मिले। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी कथित तौर पर पैसे लेकर महिलाओं को ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराता था। वहीं, पुलिस के अनुसार हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं को बुलाया जाता था। पुलिस अब दोनों की भूमिका के साथ-साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
4 लाख के 19 मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 19 मोबाइल फोन, 1900 रुपये नगद, ग्राहकों एवं देह व्यापार के लिए आने वाले लोगों से संबंधित जानकारी वाली सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री, अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।
9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें तनय सोनी (23) निवासी पद्मनाभपुर, हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32) निवासी राधिका नगर, रूपेन्द्र जंघेल (39) निवासी अनुभा रेसिडेंसी जुनवानी, रितिक सोनी (26) निवासी राम नगर उरला, दुर्ग, दिनेन्द्र कुमार सोनी (27) निवासी पोटियाकला दुर्ग, हेमंत सिन्हा (28) निवासी वृंदा नगर, अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32) निवासी कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड, आनंद कुमार (31) निवासी वैशाली नगर, अरुण पांडेय (24) निवासी स्मृति नगर शामिल है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सेंटर से जुड़े ग्राहकों तथा अन्य संपर्कों का नेटवर्क कितना बड़ा है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
देह व्यापार का भंडाफोड़: ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, युवक-युवती रंगे हाथों पकड़ाए; कई संदिग्ध हिरासत में





