बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम जलसो बाजार के पास तेज रफ्तार और मॉडिफाइड बाइक चलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर युवक और उसके दो भाइयों के साथ जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने हाथ-मुक्के, रॉड और कैंची से हमला किया। मामले की शिकायत के बाद कोनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों को लेकर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जलसो बाजार के पास रहने वाले वीरेन्द्र केशरवानी बिल्हा में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। वह अपने परिवार के साथ अपनी शादीशुदा बहन सुप्रिया को ग्राम रमतला स्थित ससुराल से लेने गए थे। बहन को लेकर वापस लौटते समय परिवार के कुछ सदस्य ऑटो में सवार थे। ऑटो में सुप्रिया के साथ दीपक, निखिल और छोटे भाई-बहन मौजूद थे। वहीं वीरेन्द्र अपने भाई भुनेश्वर के साथ मोटरसाइकिल से पीछे चल रहे थे। दोपहर करीब 1.30 बजे जलसो बाजार के पास दीपराम वर्मा और ननटू वर्मा मॉडिफाइड मोटरसाइकिल से तेज रफ्तार में वहां से निकले।
बाइक धीमी चलाने की समझाइश पर विवाद
बताया गया कि ऑटो में बच्चे बैठे थे, इसलिए वीरेन्द्र ने दोनों युवकों को बाइक धीरे चलाने के लिए कहा। आरोप है कि यह बात दोनों युवकों को नागवार गुजरी और वे बाइक वापस लेकर आए। इसके बाद वीरेन्द्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित तौर पर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
रॉड और कैंची से हमला
आरोप है कि साथियों के पहुंचने के बाद सभी ने मिलकर वीरेन्द्र के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रॉड और कैंची से भी हमला किए जाने का आरोप है। वीरेन्द्र को बचाने के लिए उसके भाई दीपक और निखिल बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में तीनों के सिर, हाथ, पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना के बाद पीड़ित वीरेन्द्र ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपराम वर्मा, ननटू वर्मा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 118(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
महानदी पुल हत्याकांड: बढ़ती कमाई के जलन में दोस्त ने उतारा मौत के घाट





