Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
विधायक रोहित साहू ने दी विकास की सौगात
Spread the love

राजिम। सावन मास में धर्मनगरी राजिम पूरी तरह शिवभक्ति में डूबी हुई है। इसी बीच श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को स्थायी स्वरूप देने की दिशा में बड़ी घोषणा सामने आई है। राजिम विधायक रोहित साहू ने आगामी वर्ष भंडारा स्थल पर टीना शेड का हाई-लेवल डोम निर्माण कराने की घोषणा की है।

शुक्रवार शाम श्री राजीवलोचन-कुलेश्वरनाथ बोल बम कांवरिया संघ द्वारा आयोजित भंडारा कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रोहित साहू ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धर्म, आस्था और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।

बाबा गरीबनाथ मंदिर में 51 लाख का हाई डोम तैयार

कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने बताया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर में सहस्त्र जलधारा अभिषेक के लिए टीना शेड हाई डोम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि पहले निर्माण के लिए 15 से 20 लाख रुपये की राशि की घोषणा की गई थी, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव द्वारा राशि कम पड़ने की जानकारी दिए जाने के बाद 51 लाख रुपये की लागत से टीना शेड हाई डोम निर्माण की स्वीकृति दी गई।

इसके साथ ही बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर में भवन निर्माण की मांग भी पूरी हो चुकी है। दोनों विकास कार्यों का लोकार्पण जलाभिषेक के अवसर पर किया जाएगा।

अगले साल भंडारा स्थल पर बनेगा हाई-लेवल डोम

विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम में हर वर्ष सावन के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करते हैं। श्रद्धालुओं को बारिश और धूप से राहत देने तथा आयोजन को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए भंडारा स्थल पर स्थायी व्यवस्था की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आगामी वर्ष भंडारा स्थल पर टीना शेड का हाई-लेवल डोम निर्माण कराने की घोषणा की।

भक्ति से मिलता है भोलेनाथ का आशीर्वाद

विधायक रोहित साहू ने कहा कि जब मनुष्य भक्ति की ओर उन्मुख होता है, तभी वह भगवान भोलेनाथ की कृपा का पात्र बनता है। सावन में सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने पर वे भक्तों की समस्याओं का समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म, आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम राजिम में सावन के दौरान देखने को मिलता है। बाबा कुलेश्वरनाथ, भगवान राजीवलोचन, राजिम भक्तिन माता और त्रिवेणी संगम यहां श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।

विधायक ने कहा कि जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को भोजन कराना पुण्य का कार्य है। राजिम में आयोजित होने वाला निशुल्क भंडारा इसी सेवा और आस्था की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

विकास कार्यों को मिल रही तेजी

विधायक रोहित साहू ने दी विकास की सौगातविधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद से गांव से लेकर शहर तक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार निर्माण कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों को त्वरित स्वीकृति मिल रही है और यह सब भगवान भोलेनाथ की कृपा से संभव हो रहा है।

तेजी से बदल रहा राजिम – महेश यादव

नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राजिम का विकास तेजी से हो रहा है। नगर के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू के प्रयासों से राजिम लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वहीं, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की भक्ति कभी निष्फल नहीं जाती। पूरे सावन माह तक श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भंडारा आयोजित करना पुण्य का कार्य है।

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

कार्यक्रम में अतिथियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। श्री राजीवलोचन भजन संध्या ग्रुप, तुलाराम साहू राजिम द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर तक भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम का संचालन विकास तिवारी ने किया।

इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पार्षद बलराम यादव, पार्षद प्रतिनिधि कुलेश्वर साहू, पार्षद अजय पटेल, भंडारा समिति अध्यक्ष खिलावन निषाद, देवराज सांखला, महेश लालवानी, प्रदीप साहू, कमल सिन्हा, शत्रुघन धीवर, सुनील देवांगन, ऋषि दुबे, भूखन पटेल, प्रकाश साहू, धर्मेंद्र शर्मा, ओमप्रकाश आडिल, गज्जू ठाकुर, दानीराम साहू, कवि गोकुल सेन, संतोष सेन, रविंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

गरियाबंद जिले की तीन सिंचाई परियोजनाओं के लिए 11.04 करोड़ रुपये की स्वीकृति, सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा सीधा लाभ

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *