मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेला में तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल था। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कार तखतपुर सीएमओ CMO अमरेश सिंह चला रहे थे।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 1 अगस्त को शिक्षकनगर पंडरिया निवासी किरण बसोर अपने साथी के साथ शादी समारोह का ऑर्डर पूरा कर मोटरसाइकिल से लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय आ जाने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी।
इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही सफेद रंग की स्कोडा कार (सीजी 15 डीएन 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा हुआ था, ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तत्काल किया गिरफ्तार
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक अमरेश सिंह (58), निवासी महेश्वर कॉलोनी, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार भी जब्त कर ली गई है।
आरोपी के खिलाफ जरहागांव थाना में धारा 281, 125(ए) एवं 105 भारतीय न्याय संहिता (ठछै) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

