जांजगीर-चांपा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में लिफ्ट देना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुआ। दो नाबालिगों ने सुनसान इलाके में पहले पीड़ित से लूटपाट की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी राजेश सूर्यवंशी चौकीदारी का काम करता था। रविवार रात 10 बजे कचहरी चौक के पास दो नाबालिग बालकों ने राजेश से लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते उसने ने दोनों नाबालिगों को बाइक पर बैठा लिया। होंडा शोरूम के समीप सुनसान स्थान पर पहुंचते ही दोनों ने लूटपाट की नीयत से उस पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी उसका पर्स और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
चीख सुनकर पहुंचे लोग
गंभीर रूप से घायल राजेश ने मदद के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता एवं साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
दोनों नाबालिग गिरफ्तार
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर महज कुछ घंटों के भीतर दोनों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बालकों ने लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
महानदी पुल हत्याकांड: बढ़ती कमाई के जलन में दोस्त ने उतारा मौत के घाट

