विधायक रोहित साहू
Spread the love

राजिम। लगातार हो रही बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। गुरुवार को उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ महानदी के तटीय क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ की संभावित स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही नगर में चल रहे धार्मिक एवं विकास कार्यों का भी स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन को किया अलर्ट

विधायक रोहित साहू ने त्रिवेणी संगम एवं महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर जलस्तर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं।

विधायक रोहित साहूउन्होंने कहा कि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने और आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विकास कार्यों का लिया जायजा

बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के बाद विधायक ने नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मां शीतला मंदिर परिसर में निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां भी अतिरिक्त विकास कार्यों की आवश्यकता होगी, वहां डीपीआर तैयार कर तत्काल स्वीकृति दिलाई जाएगी ताकि राजिम के धार्मिक स्थलों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

इसके बाद विधायक ने बाबा गरीबनाथ मंदिर के समीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक में बन रहे आधुनिक डोम शेड का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए।

सप्तऋषि प्रतिमा स्थल और बिजली व्यवस्था का भी लिया जायजा

विधायक रोहित साहूसोनतीर्थ घाट पर निर्माणाधीन सप्तऋषि प्रतिमा स्थल का निरीक्षण करते हुए विधायक ने परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थित बिजली तारों को देखकर उन्होंने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए।

गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

विधायक रोहित साहू ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी हों और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।

विधायक रोहित साहूउन्होंने कहा कि जनसुरक्षा, धार्मिक आस्था का सम्मान और राजिम का समग्र विकास हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वहीं राजिम को उसकी धार्मिक गरिमा के अनुरूप विकसित करने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। आने वाले समय में राजिम पूरे प्रदेश के लिए विकास और आस्था का मॉडल बनेगा।’’

नगर पालिका अध्यक्ष बोले- हर स्थिति से निपटने को तैयार प्रशासन

नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि महानदी के जलस्तर पर नगर पालिका और प्रशासन की टीम लगातार निगरानी रखे हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत दल और आवश्यक संसाधन तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राजिम के धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नगर की पहचान को नई ऊंचाई देगा।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार डिम्पल ध्रुव, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, पीडब्ल्यूडी एसडीओ मनीष साहू, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, भक्तिन मंदिर समिति अध्यक्ष लाला साहू, नगर साहू संघ अध्यक्ष रामकुमार साहू, पार्षद कुलेश्वर साहू, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुरेश पटेल, बलराम यादव, तुषार कदम, उत्तम निषाद, संजू साहू, ऋषि दुबे, संजू सोनकर, सुनील देवांगन समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

तीन बांधों से छोड़ा गया पानी, त्रिवेणी संगम लबालब; घरों में घुसा बाढ़ का पानी

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *