राजिम। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेंदर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू मौजूद रहे। उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात ग्रामीणों को दी। कार्यक्रम में 45.73 लाख रुपये के पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया, वहीं 54.50 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने की। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
45.73 लाख के विकास कार्य जनता को समर्पित
समारोह में जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण किया गया, उनमें बाजार चौक में टीन शेड, चेक डैम, विभिन्न सीसी रोड, मुक्तिधाम निर्माण तथा नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन, जल संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
54.50 लाख के नए कार्यों की रखी नींव
विधायक रोहित साहू ने भीम चौक में टीन शेड, बाजार चौक में सीसी रोड, सिन्हा समाज एवं सतनामी समाज के सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम पहुंच मार्ग पर पेवर ब्लॉक, गली कांक्रीटीकरण, नई सीसी सड़क तथा शिव चौक में रंगमंच सह सामुदायिक भवन सहित कुल 54.50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
ग्रामीण विकास हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे, यही हमारी सरकार का संकल्प है।
15 बड़े कार्यों से बदलेगी गांव की तस्वीर
जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीणों तक सीधे विकास पहुंचाना है। सेंदर पंचायत में स्वीकृत 15 बड़े विकास कार्यों से गांव की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और लोगों को आवागमन, सामाजिक गतिविधियों एवं अन्य सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इन कार्यों के लिए विधायक रोहित साहू, ग्राम पंचायत सेंदर की सरपंच श्रीमती गामिनी राकेश घृतलहरे तथा पूरी पंचायत टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरीश साहू, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राजू साहू, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि ओंकार साहू, सरपंच गामिनी राकेश घृतलहरे, उपसरपंच तुलसी वर्मा, छुईहा सरपंच गजेश्वर सिन्हा, पूर्व सरपंच रामाधार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

