होटल के बंद कमरे में मिली युवक की लाश
Spread the love

बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित इंटरसिटी इंटरनेशनल होटल के एक बंद कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन में एक संदेश छोड़ा, जिसमें लिखा था ‘‘भगवान मुझे बुला रहे हैं, इसलिए मैं जा रहा हूं।’’ घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सरकंडा के सीपत रोड निवासी शिवशंकर शर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शनिवार को जगमल चौक स्थित इंटरसिटी इंटरनेशनल होटल में ठहरा था। होटल प्रबंधन ने उसे रूम नंबर 205 आवंटित किया था। रात में उसने कमरे में ही भोजन मंगवाया, लेकिन इसके बाद बाहर नहीं निकला।

रविवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने तोरवा पुलिस को सूचना दी।

दरवाजा तोड़ा तो फंदे पर लटका मिला

पुलिस की मौजूदगी में होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला तो शिवशंकर शर्मा पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

मोबाइल में मिला आखिरी संदेश

जांच के दौरान पुलिस को युवक का मोबाइल फोन मिला। मोबाइल खोलने पर स्क्रीन पर उसकी फोटो के साथ एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहा है क्योंकि ‘‘भगवान मुझे बुला रहे हैं।’’ संदेश में उसने पुलिस से यह भी अनुरोध किया कि उसके परिवार या किसी अन्य व्यक्ति को परेशान न किया जाए।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के पीछे की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फंदे के लिए इस्तेमाल की गई चुन्नी युवक अपने साथ लाया था या होटल में किसी अन्य माध्यम से मिली। साथ ही प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी, कमरे से डायरी और मोबाइल जब्त, जांच में जुटी पुलिस

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *