रायपुर:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर आम आदमी पार्टी ने इसे देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं और छात्राओं के लंबे लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया है। आम आदमी पार्टी के अभनपुर विधानसभा प्रभारी मोहन चक्रधारी ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र, जवाबदेही और छात्र शक्ति की बड़ी जीत है।
मोहन चक्रधारी ने कहा कि देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं और छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से लगातार आवाज उठाई। उनका संघर्ष इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को हमेशा महत्व देना पड़ता है।
विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाता, तो देशभर में इतना व्यापक असंतोष देखने को नहीं मिलता।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि अब केवल इस्तीफा ही नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम भी उठाए जाएं।
युुवाओं का विश्वास देश की सबसे बड़ी पूंजी
मोहन चक्रधारी ने कहा कि युवाओं का विश्वास देश की सबसे बड़ी पूंजी है। शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जहां मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को न्याय मिले और किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आगे भी युवाओं, विद्यार्थियों और छात्राओं के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने अंत में कहा, यह लोकतंत्र की जीत है, युवाओं की आवाज की जीत है और देश के हर उस छात्र की जीत है जिसने अपने भविष्य के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष किया। अब समय है कि शिक्षा व्यवस्था में स्थायी और प्रभावी सुधार किए जाएं।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

