प्रदीप कश्यपप्रदीप कश्यप
Spread the love

नवापारा में शनिवार दोपहर महानदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए नदी में कूदे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत की आशंका है। यह पूरी घटना उसकी पत्नी की आंखों के सामने हुई। देखते ही देखते युवक नदी की लहरों में समा गया। घटना के बाद नेहरू घाट पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

महानदी में डूबा युवकजानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो अन्य मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरे युवक ने किसी तरह दोनों बच्चों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वे गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

घटना के बाद पत्नी मंगला कश्यप बदहवास हो गईं। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक प्रदीप गहराई में डूब चुका था। घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी, लेकिन प्रदीप का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

महानदी में डूबा युवकघटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब शाम 4 बजे एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों, ऑक्सीजन मास्क और मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे तक टीम ने नदी के कई हिस्सों में गहन खोजबीन की। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी ली और बोट के जरिए बहाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा और तेज बहाव बना बाधा

शाम ढलने के साथ नदी में बढ़ते अंधेरे और जल प्रवाह के कारण एसडीआरएफ को रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह फिर से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और युवक की तलाश जारी रहेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष पहुंचीं, परिवार को बंधाया ढांढस

महानदी में डूबा युवकघटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू भी नेहरू घाट पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

नगर में चर्चा का विषय बनी बहादुरी

प्रदीप कश्यप
प्रदीप कश्यप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदीप कश्यप ने अपनी जान की परवाह किए बिना डूब रहे मासूम बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। उनकी बहादुरी की पूरे नगर में चर्चा हो रही है। एक ओर जहां दो बच्चों की जान बच गई, वहीं उन्हें बचाने वाला युवक खुद महानदी की तेज धाराओं का शिकार हो गया। घटना के बाद नगर में शोक का माहौल है और हर किसी की निगाहें अब रविवार को होने वाले सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।

हमसे जुड़े WhatsApp Group

https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

युवक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला राज, पुलिस ने दर्ज की FIR

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *