Spread the love

गरियाबंद जिले के छुरा इलाके में डबरी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है।

घरेलू विवाद के बाद बिखर गया था परिवार

जानकारी के अनुसार पिपरझड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम देवपरसुली निवासी सुरेश यादव का शव ग्राम कारीमाट्टी स्थित केजाऊ डबरी में मिला है। बताया जा रहा है कि सुरेश यादव पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। करीब 6 से 8 माह पहले घरेलू विवाद के बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह अपने तीन मासूम बच्चों और परिवार से अलग-थलग होकर इधर-उधर भटकता रहता था।

नशे की हालत में घूमता देखा गया था

ग्रामीणों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और वह अक्सर परेशान नजर आता था। लोगों के मुताबिक घटना से पहले सुरेश को गांव के आसपास नशे की हालत में घूमते देखा गया था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह डबरी में गिर गया होगा, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव का पंचनामा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

तीन बच्चों पर गहराया संकट

सुरेश यादव अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *