बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मुरुम खदान के गहरे पानी में एक किन्नर की लाश तैरती मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पर पुलिस दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, भरनी-परसदा के बीच विद्युत सब स्टेशन के सामने स्थित मुरुम खदान के गहरे पानी में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक शव तैरते हुए देखा। इसके बाद तत्काल सकरी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान सागर पासी पिता स्व. शंभू पासी (28 वर्ष) के रूप में हुई।
रविवार को दोस्त के साथ निकला था
पुलिस के मुताबिक, सागर वर्ष 2019 में ट्रांसजेंडर बन गया था और किन्नर के रूप में जीवन यापन कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सागर रविवार दोपहर एक अन्य मित्र के साथ घर से निकला था। इसके बाद मंगलवार सुबह उसकी लाश मुरुम खदान के पानी में मिली। शव के चेहरे से खून निकलता हुआ दिखाई दिया, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों की ओर से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स की मरच्यूरी भेज दिया है। पुलिस अब मृतक के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। उसके साथ मौजूद व्यक्ति सहित अन्य संभावित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
तालाब में तैरती मिली युवती की लाश, हत्या या हादसा? पुलिस जांच में जुटी






