भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीदास नगर वार्ड-23 स्थित हमर क्लीनिक में पदस्थ एक स्टाफ नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से अस्पताल परिसर और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय नेहा महिलांग के रूप में हुई है, जो अहिवारा की रहने वाली थी। मृतका पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी और अपने पति के साथ रहती थी। रविवार को जब उसका पति कमरे में पहुंचा तो उसने नेहा को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में नेहा के आत्महत्या करने के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
पति और सहकर्मियों से पूछताछ
पुलिस ने मृतका के पति और हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से पहले नेहा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और उसने आखिरी समय में किन लोगों से बातचीत की थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल सहित अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। परिजनों और करीबी लोगों के बयान दर्ज किया जा रहा है।
पांच साल से थी स्टाफ नर्स
नेहा महिलांग पिछले लगभग पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थी। घटना के बाद उसके सहकर्मी भी स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के पीछे पारिवारिक, व्यक्तिगत अथवा किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
किराए के कमरे में फांसी पर लटका मिला छात्रा का शव, सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस





