नवापारा-राजिम। नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा की नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने उनके परिवार से संबंधित प्रकाशित एक समाचार को निराधार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की ओर से संबंधित समाचार के लिए न तो कोई जानकारी दी गई और न ही समाचार प्रकाशित करने वाले किसी व्यक्ति से इस संबंध में संपर्क किया गया।
संध्या राव ने कहा कि उनके पुत्र के संबंध में पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस की कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया का हिस्सा है और वे पुलिस प्रशासन के प्रति पूरा सम्मान रखती हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस को कोई वैधानिक कार्रवाई करनी है तो वह कानून के अनुसार की जानी चाहिए, लेकिन उनके परिवार के किसी सदस्य की छवि को लेकर भ्रम अथवा गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
समाचार से पुलिस व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जाने पर जताई चिंता
संध्या राव ने कहा कि प्रकाशित समाचार में पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर बातें सामने आई हैं, लेकिन ऐसी किसी भी जानकारी का स्रोत उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य को बताना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने संबंधित मीडिया संस्थान को इस प्रकार की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है और न ही इस संबंध में उनसे संपर्क किया गया।
उन्होंने थाने में ज्ञापन देकर पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि पूरे मामले की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि उनके परिवार से संबंधित जानकारी किस आधार पर और किसके माध्यम से प्रकाशित कराई गई।
पुलिस और परिवार के बीच गलतफहमी पैदा करने की कोशिश न हो
संध्या राव ने कहा कि इस प्रकार की खबर से न केवल उनके और उनके परिवार की सामाजिक छवि प्रभावित होती है, बल्कि पुलिस प्रशासन और उनके परिवार के बीच भी अनावश्यक गलतफहमी पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर उनके परिवार को बदनाम करने या किसी मामले में फंसाने के उद्देश्य से भ्रामक जानकारी उपलब्ध कराई है तो इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि तथ्य सामने लाकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि किसी भी पक्ष के बीच अनावश्यक गलतफहमी पैदा न हो।
रायपुर ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली की सराहना
संध्या राव ने रायपुर ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रियता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस की सख्ती जरूरी है और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का प्रभावी रुख दिखाई दे रहा है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
पुलिस प्रशासन के प्रति सम्मान, निष्पक्ष जांच की उम्मीद
संध्या राव ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पुलिस अधिकारी या पुलिसकर्मी पर सवाल उठाना नहीं है। वह पुलिस प्रशासन का सम्मान करती हैं और कानून में पूरा विश्वास रखती हैं। उनका आग्रह केवल इतना है कि प्रकाशित समाचार की वास्तविकता और उसके स्रोत की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। इसलिए किसी भी प्रकार की गलतफहमी को समय रहते दूर किया जाना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन पूरे मामले को तथ्यों के आधार पर देखेगा और यदि किसी स्तर पर भ्रामक जानकारी देकर उनके परिवार की छवि प्रभावित करने का प्रयास हुआ है तो उसकी सच्चाई भी सामने आएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






