Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
रील देखते-देखते गई जान
Spread the love

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने के बाद एक महिला कीटनाशक का सेवन कर ली। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाने के दौरान मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल नेटवर्क चला गया। काफी देर इंतजार करने के बावजूद रील शुरू नहीं हुई तो वह नाराज हो गई और मोबाइल जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया।

इसके बाद मंगलो घर के एक कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह कमरे से बाहर आई और बरामदे में बैठ गई। कुछ देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।

उल्टी में जहरीली गंध आने पर हुआ संदेह

परिजनों को शुरुआत में लगा कि मंगलो की तबीयत अचानक खराब हो गई है। लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी गंध आने के बाद उन्हें संदेह हुआ। कमरे की जांच करने पर वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद परिजनों को अंदेशा हुआ कि उसने कीटनाशक का सेवन किया है। परिजन तत्काल डायल-112 की मदद से उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर महिला को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गोबर-पानी पिलाने की बात

मृतका के पति प्रेमलाल सारथी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल ले जाने से पहले परिवार ने गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते महिला को उल्टी कराने के लिए गोबर मिला पानी भी पिलाया था। हालांकि, इससे उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जानकारी में मोबाइल का नेटवर्क चले जाने से नाराज होकर महिला द्वारा कीटनाशक का सेवन किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

फंदे पर लटका मिला बेटे का शव, सभी ने समझा आत्महत्या, पोस्टमार्टम ने खोल दिया मां-बेटे का खौफनाक राज

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *