हैदराबाद। भारत और वेस्टइंडीज INDvsWI के बीच खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने भारतीय टीम को 24 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 19.4 ओवर में 223 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कप्तान शाई होप के शानदार शतक और कीमो पॉल की घातक गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाई।
शाई होप ने 50 गेंदों में जड़ा नाबाद शतक
INDvsWI Match: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए। कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 9 छक्के लगाए। इस सीरीज में यह उनका दूसरा शतक रहा। इससे पहले उन्होंने रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भी शतकीय पारी खेली थी।
INDvsWI Match: शेरफेन रदरफोर्ड ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली, जबकि रोवमन पॉवेल ने 24 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 248 रन का विशाल लक्ष्य रखा। भारत की ओर से अक्षर पटेल, प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
संजू सैमसन ने खेली 56 रन की तूफानी पारी
INDvsWI Match: 248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 23 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि, कीमो पॉल ने एक ही ओवर में संजू सैमसन और ईशान किशन को आउट कर भारतीय टीम को बड़ा झटका दिया। ईशान सिर्फ 6 रन बना सके।
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर 16 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक शर्मा ने 29 रन बनाए, जबकि नमन धीर खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। लगातार विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई।
तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने जगाई उम्मीद
INDvsWI Match: मध्यक्रम में तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की। तिलक ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 20 गेंदों में 41 रन की आक्रामक पारी खेली। दोनों के बीच तेज साझेदारी से भारत की जीत की उम्मीदें फिर जगीं।
हालांकि, तिलक वर्मा के आउट होने के बाद भारतीय पारी फिर बिखर गई। नीतीश कुमार रेड्डी, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल को कीमो पॉल ने 19वें ओवर में आउट कर दिया। आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह के हाथ में चोट लगने के कारण वह आगे बल्लेबाजी नहीं कर सके। भारतीय टीम 19.4 ओवर में 223 रन पर सिमट गई।
कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट
INDvsWI Match: वेस्टइंडीज की जीत के हीरो कीमो पॉल रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 41 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उन्होंने भारतीय पारी के अहम मौकों पर विकेट लेकर रन चेज को रोक दिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दूसरा पांच विकेट हॉल दर्ज किया।
अब आखिरी टी20 में होगा सीरीज का फैसला
चौथे मुकाबले में जीत के साथ वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी है। अब सीरीज का फैसला आखिरी मुकाबले में होगा। दोनों टीमें निर्णायक मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p




