नवापारा:- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोबरा नवापारा में स्टॉप डायरिया अभियान-2026 के तहत जनजागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना, बीमारी एवं मृत्यु दर में कमी लाना तथा प्रत्येक परिवार तक ORS और Zinc की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को डायरिया की रोकथाम, ORS घोल के सही उपयोग और Zincकी आवश्यकता के बारे में जागरूक कर रही है। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथों की नियमित सफाई और समय पर उपचार के महत्व की भी जानकारी दी जा रही है।
डायरिया होने पर घबराएं नहीं, तुरंत दें ORS और Zinc
डॉ. तेजेन्द्र साहू ने कहा कि यदि बच्चे को दस्त (डायरिया) हो जाए तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। बच्चे को तुरंत ORS का घोल पिलाएं, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार 14 दिनों तक Zinc की गोली दें तथा यदि निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी चल रहा जागरूकता अभियान
अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND) तथा शहरी बस्तियों में ORS घोल बनाने की सही विधि का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षित पेयजल, साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ भोजन और शौचालय के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों से स्वास्थ्य विभाग की अपील
डॉ. तेजेन्द्र साहू ने लोगों से अपील की कि स्वच्छ पानी का सेवन करें, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाएं, खुले में शौच से बचें और दस्त होने पर उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न करें।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
जिला स्तरीय बैगा-गुनिया सम्मेलनः सर्पदंश और मौसमी बीमारियों से बचाव पर दिया गया विशेष जोर

