दंतेवाड़ा। बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से खराब मौसम, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लिया है। मौसम खराब होने की स्थिति में विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के दौरान संभावित परेशानियों और जोखिमों से बचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद, शिक्षकों की ड्यूटी जारी
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 27 अक्टूबर को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा। हालांकि, यह आदेश केवल विद्यार्थियों पर लागू होगा। शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में भी रहेगा अवकाश
महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 27 अक्टूबर को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को केंद्रों में उपलब्ध खाद्य सामग्री, शासकीय अभिलेखों और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए कहा गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पालकों और अभिभावकों तक अवकाश की सूचना पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों, स्कूलों के प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा जरूरी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





