छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। परिवार की इकलौती बेटी अपने पिता के साथ स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गई थी। घर लौटते समय गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। हादसे में पिता को भी मामूली चोटें आई हैं। बेटी की आंखों के सामने हुई मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केशवनगर के पास की है।
पैरेंट्स मीटिंग से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के नवापारा निवासी पंकज जैन की 13 वर्षीय बेटी रिद्धिमा जैन बिश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ती थी। शुक्रवार को वह अपने पिता के साथ बाइक से स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों सूरजपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिश्रामपुर-सूरजपुर मार्ग पर नेशनल हाईवे-43 के केशवनगर के पास गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्री का संतुलन बिगड़ गया। रिद्धिमा सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता के सामने उजड़ गई दुनिया
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अपनी इकलौती बेटी को खोने के बाद पिता बदहवास होकर सड़क पर ही रोने लगे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से रिद्धिमा को बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर सूरजपुर स्थित उसके घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटी के साथ पिता स्कूल की बैठक में शामिल होने गए थे, उसी बेटी को खोने का दुख पूरे परिवार को गहरे सदमे में छोड़ गया।
टक्कर के बाद मकान में जा घुसी ट्रैक्टर-ट्रॉली
बताया जा रहा है कि बाइक से टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। घटना की सूचना मिलने पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को मकान से बाहर निकलवाकर जब्त कर लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
अभनपुर में दर्दनाक हादसा: हाइवा ने एक्टिवा सवार को कुचला, एक की मौत, दो घायल





