सरगुजा। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने का झांसा देकर बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने दो नाबालिग छात्राओं को लिफ्ट दी। इसके बाद आरोपियों ने एक छात्रा को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा दिया, जबकि दूसरी छात्रा को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जानकारी के अनुसार घटना 5 अक्टूबर की रात की है। लुंड्रा में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए दो नाबालिग छात्राएं पैदल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने दोनों को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही। इसके बाद एक छात्रा बाइक और दूसरी स्कूटी पर बैठ गई।
आरोप है कि बाइक पर सवार छात्रा को युवकों ने कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचा दिया, जबकि स्कूटी पर सवार दूसरी छात्रा को कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय सुनसान स्थान की ओर ले गए। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद चारों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। अगले दिन परिजन उसे लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को देर रात पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, मेडिकल जांच जारी
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। लुंड्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नाबालिग से गैंगरेप, परिचित युवक ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर किया रेप; चारों आरोपी गिरफ्तार






