राजिम। हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाढ़ के तेज बहाव के साथ आई रेत और मलबे ने ग्राम पोखरा और हथखोज में कई एकड़ उपजाऊ खेतों को रेत से पाट दिया है। फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू प्रभावित गांवों में पहुंचे और खेतों से लेकर नदी क्षेत्र तक जाकर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया।
विधायक रोहित साहू ने जनप्रतिनिधियों, किसानों और ग्रामीणों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का पैदल मुआयना किया। उन्होंने रेत से पटे खेतों, बर्बाद हुई फसलों और बाढ़ के पानी से प्रभावित इलाकों को मौके पर देखा। इस दौरान किसानों ने उन्हें बाढ़ से हुए नुकसान और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
खेतों में उतरे विधायक, किसानों से सीधे सुनी परेशानी
किसानों की स्थिति को समझने विधायक रोहित साहू स्वयं प्रभावित खेतों तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर बाढ़ के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि तेज बहाव के साथ आई रेत और मलबे के कारण खेतों में फसल के साथ उपजाऊ जमीन भी प्रभावित हुई है। विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ से हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन कराया जाएगा और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों को जल्द सर्वे के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक रोहित साहू ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की मेहनत और फसल का नुकसान बेहद पीड़ादायक है। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि वास्तविक स्थिति का आकलन कराकर उन्हें उचित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासनिक अमला भी रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य नंदनी कोमल ढीढी, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, सरपंच पोखरा डॉ. सियाराम साहू, सरपंच हथखोज बलराम निषाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम अग्रवाल, मुकेश साहू, संतोष साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष राजू पटेल, राजेश परमार, राजकुमार साहू, नरेंद्र निषाद, रोशन साहू, किशन साहू, तेजराम निषाद सहित जल संसाधन विभाग के ईएसके बर्मन, कृषि विभाग के अधिकारी चंदन राय, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, पीडब्ल्यूडी इंजीनियर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






