Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
प्रेमिका को जिंदा जलाने की कोशिश
Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाया। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान वीरू धीवर निवासी आरंग के रूप में की है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की रात करीब 8.32 बजे डायल 112 में सूचना मिली कि माना बस्ती से बरौंदा जाने वाले कनेक्टिंग रोड पर एटीसी के पीछे गेट नंबर-5 के पास अंधेरे में किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए महिला की पहचान राजकुमारी साहू पति खुमान साहू निवासी मोखला थाना आरंग के रूप में की।

प्रेम प्रसंग में विवाद की आशंका

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, राजकुमारी साहू और आरोपी वीरू धीवर के बीच लंबे समय से संबंध थे। घटना के दिन भी दोनों के साथ होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस की विवेचना जारी है। पुलिस पीड़िता के बयान और घटनास्थल से सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

आग से महिला के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। गंभीर हालत में उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

पहले भी दर्ज हुआ था गंभीर मामला

एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच वर्ष 2021 से पहले से संबंध होने की जानकारी सामने आई है। इसी वर्ष आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी पर राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से हमला करने का आरोप लगा था। इस मामले में धारा 307 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

फिलहाल पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पति-पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, शवों समेत घर में लगाई आग, दो सगे भाई गिरफ्तार

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *