अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
पीछे से ट्रैक्टर ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे लकेश्वर यादव अपनी भतीजी वंशिका यादव को मोपेड (CG04 LN 2954) में बैठाकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम परसदा में पीछे से तेज गति से आ रहे डीजे बाक्स लगे ट्रैक्टर (CG04 PK 3573) ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अभनपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम वंशिका यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लकेश्वर यादव को उपचार के लिए भर्ती किया गया। उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोंट लगी है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में भी मातम पसर गया।
ट्रैक्टर में लगा साउंड बॉक्स, तेज आवाज में बज रहा था गाना
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रैक्टर में बड़ा साउंड बॉक्स लगा हुआ था और उसमें तेज आवाज में गाना बजाया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ वाहन चलाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मासूम बच्ची की जान चली गई।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, तनाव की स्थिति
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन बढ़ने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
ट्रैक्टर चालक हिरासत में, मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मासूम वंशिका की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश देखा गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ब्रेकिंग: नवापारा–कुरूद मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला, मौके पर मौत






