रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंर्तगत ग्राम जौंदी में ग्राम सभा की बैठक के दौरान उपसरपंच से मारपीट का मामला सामने आया है। उपसरपंच ने सरपंच पुत्र सहित कई लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जौंदी में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची और हितग्राहियों के नामों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान सूची में कुछ नाम शामिल नहीं होने के मुद्दे पर विवाद खड़ा हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उपसरपंच से मारपीट का आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु ने आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान उन पर गलत तरीके से लोगों के नाम सूची से हटाने का आरोप लगाया गया। जब उन्होंने अपनी बात रखने का प्रयास किया तो सरपंच पुत्र टोमन साहू समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि टोमन साहू और उसके साथ मौजूद लोगों ने उनका कॉलर पकड़ लिया, गाली-गलौज की और बैठक में मौजूद लोगों के सामने मारपीट शुरू कर दी।
उपसरपंच का कहना है कि इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए और उन्हें शारीरिक चोटें आईं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया। उपसरपंच ने आरोप लगाया कि उनके साथ की गई मारपीट और अपमानजनक व्यवहार को जानबूझकर रिकॉर्ड किया गया। उपसरपंच ने टोमन साहू सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पहले भी हो चुका है विवाद
उपसरपंच का कहना है कि पंचायत की पूर्व बैठकों में भी उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया जा चुका है। उन्होंने आशंका जताई है कि पंचायत में अपनी बात रखने पर लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत मिलने होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

