रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों और प्रधान पाठकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करते हुए अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय स्तर पर तैयार की गई प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक कई चरणों में परीक्षण और छंटनी की गई, जिसके बाद शिक्षकों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, स्थानांतरण के लिए तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर सूची की समीक्षा की गई और समन्वय के साथ संख्या कम करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के बाद करीब 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। इसके बाद अंतिम परीक्षण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। तमाम जांच और परीक्षण के बाद शेष शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।
विद्यार्थियों की पढ़ाई को रखा गया प्राथमिकता में
शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में केवल शिक्षकों के आवेदन और अनुशंसाओं को ही आधार नहीं बनाया, बल्कि विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को भी प्रमुखता दी। इसी के तहत कई श्रेणियों के शिक्षकों के स्थानांतरण प्रकरणों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।
इनमें प्रमुख रूप से युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक, ऐसे शिक्षक जिनके स्थानांतरण से विद्यालय शिक्षकविहीन हो सकता था, अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण के प्रकरण और अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक शामिल हैं।
विभाग का कहना है कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण के कारण संबंधित स्कूल में शिक्षकों की कमी न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो।
आवेदन और अनुशंसाओं के आधार पर बनी थी प्रारंभिक सूची
सूत्रों के अनुसार, स्थानांतरण के लिए विभाग को प्राप्त आवेदनों तथा विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद प्रत्येक प्रकरण का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया गया। प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक कई स्तरों पर जांच और परीक्षण किया गया। इसी प्रक्रिया में करीब 400 नामों को अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया। अब अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के तबादला आदेश जारी होने के साथ ही लंबे समय से चल रहा स्थानांतरण का इंतजार खत्म हो गया है।
अगले चरण में ऑनलाइन तबादले की तैयारी?
वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग अब भविष्य की तबादला व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने पर भी विचार कर रहा है। विभागीय स्तर पर शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन जारी है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन में पारदर्शिता, दस्तावेजों का डिजिटल प्रबंधन, ऑनलाइन मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन शिक्षक स्थानांतरण प्रणालियों का भी अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के परीक्षण के बाद शासन स्तर पर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
देखिए पूरी सूची
School Teacher Transfer CG
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






